लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित दिव्य कला मेला क्षेत्र में शुक्रवार को दिव्यांगजन के अधिकारों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से विशेष मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। यह मोबाइल कोर्ट आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार और राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
मोबाइल कोर्ट में उपस्थित 259 दिव्यांगजनों की समस्याओं पर मौके पर ही सुनवाई की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं जैसे मेडिकल बोर्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन और रेल कंसेशन प्रमाण-पत्र के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां तत्काल समाधान उपलब्ध कराया गया।
यूडीआईडी प्रमाण-पत्र के लिए प्राप्त 29 प्रकरणों में से 16 का प्रमाण-पत्र वहीं जारी किया गया। आयुष्मान कार्ड से संबंधित 63 पृच्छाओं में 9 का तत्काल निस्तारण किया गया। राशन कार्ड हेतु प्राप्त 40 प्रकरणों में से 21 का समाधान मौके पर हो गया। इसी तरह दो व्यक्तियों को वहीं रेल कंसेशन कार्ड जारी किए गए, जबकि दिव्यांग पेंशन से जुड़े 12 में से 9 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। मोबाइल कोर्ट में 11 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एस. गोविन्द राज, मुख्य आयुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार, प्रवीण प्रकाश अम्बर, मुख्य उपायुक्त, दिव्यांगजन, भारत सरकार, हिमांशु शेखर झा, राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान में सहयोग प्रदान किया।
