•सौ बेड की है अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस हास्टल की क्षमता
•हास्टल निर्माण कार्य हो चुका है पूरा, हैंडओवर की प्रक्रिया हुई आरंभ
बस्ती। पुलिस विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पुलिस लाइन परिसर में 5.42 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य और आधुनिक हास्टल बनकर तैयार हो गया है। इस नए भवन के निर्माण से पुलिस कर्मियों को रहने के लिए अब दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस हास्टल की क्षमता 100 बेड की है। यानी एक साथ सौ पुलिसकर्मी इस परिसर में निवास कर सकेंगे। भवन में जवानों की जरूरतों का खास ख्याल रखा गया है। हास्टल के निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश पुलिस निर्माण निगम (यूपीपीसीसी) द्वारा किया गया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, भवन का सिविल कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है और अब फिनिशिंग का काम भी अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था जल्द ही इस नवनिर्मित हास्टल को विधिवत रूप से पुलिस विभाग को हैंडओवर करने जा रही है। हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होते ही जवानों का यहां शिफ्ट होना शुरू हो जाएगा।
एक साथ 100 पुलिसकर्मी कर सकेंगे निवास
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस हॉस्टल की क्षमता 100 बेड की है। यानी एक साथ सौ पुलिसकर्मी इस परिसर में निवास कर सकेंगे। भवन में जवानों की जरूरतों का खास ख्याल रखा गया है। इसमें बड़े कमरों के साथ-साथ वेंटिलेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का मानना है कि ड्यूटी के बाद जवानों को सुकून भरी नींद और बेहतर माहौल मिलने से उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।
बढ़ेगी पुलिसिंग की गुणवत्ता
पुलिस लाइन में अक्सर बाहर से आने वाले फोर्स या स्थानीय स्तर पर तैनात अविवाहित सिपाहियों के लिए रहने की जगह की कमी महसूस की जाती थी। इस नए हॉस्टल के अस्तित्व में आने से यह समस्या काफी हद तक सुलझ जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं में यह एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
एक नजर नवनिर्मित पुलिस हास्टल
कुल लागत: 5.42 करोड़
कुल क्षमता: 100 बेड (एक साथ 100 कर्मियों का निवास)
कार्यदायी संस्था: यूपी पुलिस निर्माण निगम
सुविधाएं: आधुनिक कमरे, पर्याप्त रोशनी और हवादार परिसर।
पुलिस लाइन में जवानों के लिए आवास की सुविधा को अपग्रेड किया जा रहा है। 5.42 करोड़ की लागत से बना यह हास्टल पूरी तरह तैयार है। हैंडओवर मिलते ही इसका लोकार्पण कर इसे जवानों को समर्पित कर दिया जाएगा।
: अभिनन्दन, पुलिस अधीक्षक, बस्ती
