
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को एक बहुस्तरीय अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना था।
जोन-1 क्षेत्र में नरही तिकोनिया पार्क की बाउंड्री के किनारे किए गए अवैध कच्चे और पक्के निर्माण को हटाया गया। साथ ही चारों तरफ स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान 15 स्थानों पर नालियों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण को चिन्हांकित कर हटाने की तैयारी की गई। कालीदास मार्ग से 1090 चौराहा तक कई अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने किया।
जोन-2 में वार्ड मोतीनगर, पान दरीबा और चारबाग क्षेत्रों में गंदगी, अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान गंदगी व अतिक्रमण में 6 चालान कर 8,000 रुपये तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक में 3 चालान कर 12,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जोन-5 में कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन से विजय नगर मोड़ होते हुए विशाल मेगा मार्ट तक बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 8 काउंटर, 4 गुमटी, 12 ठेले हटाए गए और 1 लकड़ी का तख्त जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी गई।
जोन-6 में चौक क्षेत्र से कोनेश्वर चौराहे तक अतिक्रमण और पॉलीथिन विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 ठेले और 15 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। साथ ही 1 लकड़ी की मेज, 2 लोहे की बेंच, 3 प्लास्टिक कुर्सियां, 3 छाते, 6 तराजू और 4 टायर जब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों से 2,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फुटपाथ और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम यातायात उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।