सुल्तानपुर। हिंदी भाषा सेवा और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर पहचान बनाने वाली नफीसा खातून को “भारतेंदु हरिश्चंद्र अन्तर्राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान हिंदी भाषा के संवर्धन, साहित्यिक योगदान और सामाजिक सक्रियता के लिए प्रदान किया गया।
नफीसा खातून को जनपद सुल्तानपुर में भी अब तक कई सम्मान और पुरस्कारों से नवाज़ा जा चुका है। उनके कार्यों को न केवल साहित्यिक जगत ने सराहा है, बल्कि जनपद के नागरिकों और संस्थाओं ने भी लगातार सम्मानित किया है।
यदि नफीसा खातून के व्यक्तित्व और कार्यों की बात करें तो वे सामाजिक मुद्दों, महिलाओं के सशक्तिकरण और जनहित से जुड़े विषयों पर हमेशा मुखर रही हैं। वे एक निडर और स्पष्टवादी महिला के रूप में जानी जाती हैं, जो विभिन्न मंचों तथा अधिकारियों के समक्ष महिलाओं तथा समाज से जुड़ी चुनौतियों को बेझिझक उठाती हैं।
नफीसा खातून सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं और स्थानीय स्तर पर अनेक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। उनके कार्यों और योगदान ने उन्हें आज की युवा और महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में स्थापित किया है।उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि सुल्तानपुर जनपद का भी नाम रोशन करने वाली है।
