– गांवों में विशेष सफाई करने का निर्देश।
बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को विकास खंड सांऊघाट की ग्राम पंचायत मकदा एवं पैड़ा खरहरा में स्वच्छता अभियान के तहत कराए गए कार्यों का सत्यापन किया गया। इस दौरान जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) राजा शेर सिंह, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, एडीओ पंचायत सुभाष चंद्र, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, खंड प्रेरक, सफाई कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों से उनके रोस्टर, नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। ग्राम भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा डंप पाया गया। इस पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत को टीम गठित कर तथा ग्राम प्रधान को मजदूर व ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर एक बार पूरे गांव की व्यापक सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) ने ग्रामवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की तथा दुकानदारों को थर्मोकोल के उपयोग न करने की सलाह दी। बताया कि थर्मोकोल ऐसा कचरा है, जिसके प्रबंधन की कोई स्थानीय व्यवस्था नहीं है और यह प्रदूषण के मामले में प्लास्टिक से भी अधिक खतरनाक है।
इसके साथ ही ग्राम प्रधान एवं सचिव को ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित कर पंचायत क्षेत्र में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता शुल्क लगाए जाने का सुझाव दिया गया।
ग्राम पंचायत पैड़ा खरहरा में सफाई कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र पर प्लास्टिक कचरा नाममात्र का मिला, जबकि पंचायत क्षेत्र के कई स्थानों पर प्लास्टिक कचरा फैला हुआ पाया गया। इस पर तैनात सफाई कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए उनके समक्ष ही सफाई कार्य शुरू कराया गया। ग्राम प्रधान एवं सचिव को निर्देशित किया गया कि यदि सफाई कार्य संतोषजनक नहीं होता है तो संबंधित सफाई कर्मचारी का वेतन रोक दिया जाए।
