लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा है कि देश आज जिन हालात से गुजर रहा है, वह बेहद चिंताजनक हैं। आम जनमानस महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है, किसान बदहाल हैं और भाजपा सरकार लगातार आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का सुनियोजित कुचक्र रचा जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अविनाश पाण्डेय ने कहा कि मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि ग्रामीणों का अधिकार है और ग्राम सभा इसकी आत्मा है। भाजपा सरकार इस आत्मा को कमजोर कर गांव और गरीब दोनों को नुकसान पहुंचा रही है। पहले मनरेगा के तहत कामों का चयन, प्राथमिकता और निगरानी ग्राम सभा के अधिकार क्षेत्र में होती थी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहती थी। अब केंद्रीय पोर्टल, दिशा-निर्देशों और मंत्रालयों के नियंत्रण से ग्राम सभा केवल औपचारिक संस्था बनकर रह गई है। फंड जारी होने में देरी के कारण मजदूरों को महीनों तक मजदूरी नहीं मिलती और कई राज्यों में काम की मांग के बावजूद रोजगार नहीं दिया जा रहा, जिसका सीधा असर गरीब मजदूरों, किसानों और ग्रामीण परिवारों पर पड़ रहा है।
अविनाश पाण्डेय ने एसआईआर के नाम पर हो रही वोट चोरी को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने का सुनियोजित प्रयास है। मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम काटे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक का मतदान का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं, लेकिन भाजपा सरकार के संरक्षण में चुनावी प्रक्रियाओं को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है, जो संविधान, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और जनता के विश्वास पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और वोट की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। आने वाले 100 दिनों में पूरे प्रदेश में “संविधान संवाद” कार्यक्रम के तहत वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, चित्रकूट सहित प्रदेश भर में 30 रैलियां आयोजित कर जनता को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा की नीतियों के खिलाफ चौपाल, महापंचायत और सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा तथा पार्टी कैडर को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।
अविनाश पाण्डेय ने कहा कि 2026 के स्थानीय निकाय और एमएलसी चुनाव कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान करते हुए कांग्रेस अपने दम पर लड़ेगी। विधानसभा चुनाव 2027 को दृष्टिगत रखते हुए पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुकी है और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में भाजपा से मुकाबले के लिए तैयार है।
प्रेसवार्ता से पहले अविनाश पाण्डेय ने कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी प्रदीप नरवाल, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन सांसद तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, वरिष्ठ नेता अशोक पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ सी पी राय, वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
————————
