•लोगों ने किया पुतला दहन, सार्वजनिक माफी की मांग
लखनऊ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई टिप्पणी को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। अजय राय के बयान को अमर्यादित और अपमानजनक बताते हुए मंगलवार को सरोजनीनगर की सड़कों पर जनाक्रोश फूट पड़ा।
भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और अजय राय का पुतला दहन करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। “अजय राय होश में आओ”, “अजय राय मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” जैसे नारे पूरे क्षेत्र में गूंजते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि डॉ. राजेश्वर सिंह के खिलाफ की गई टिप्पणी केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि पूरे सरोजनीनगर क्षेत्र के आत्मसम्मान का अपमान है।
डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्थन में जुटे लोगों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विधायक की ईमानदार और बेदाग छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए गए हैं।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र सार्वजनिक माफी नहीं दी गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।कड़कड़ाती ठंड और बारिश के बावजूद जनाक्रोश में कोई कमी नहीं आई। शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक मार्च निकालते हुए कांग्रेस पार्टी और अजय राय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और उसके कथित विरोधाभासों को भी जनता के सामने रखा।आक्रोशित जनसमूह ने कहा कि अजय राय का राजनीतिक जीवन अवसरवाद से भरा रहा है और जनसमर्थन के अभाव में वे सस्ती बयानबाजी के सहारे चर्चा में बने रहना चाहते हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि डॉ. राजेश्वर सिंह की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और विज़नरी नेतृत्व से घबराकर ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी, जिसमें कई प्रभावशाली लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा गया। उसी कार्रवाई की पीड़ा आज उनके खिलाफ की जा रही टिप्पणियों में दिखाई देती है।
जनसमूह ने एक स्वर में कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह न केवल सरोजनीनगर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श जनप्रतिनिधि हैं। उनके सम्मान पर किया गया हमला पूरे क्षेत्र के सम्मान पर हमला माना जाएगा। जनता ने दो टूक कहा कि यदि अजय राय ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन को और तेज तथा निर्णायक रूप दिया जाएगा।
इस विशाल प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शन स्थल पर लगातार नारेबाजी और पुतला दहन के साथ पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।
