
प्रयागराज। लगभग 4 महीने पहले सिविल लाइंस के एक होटल में मृत मिले व्यापारी की मौत का राजफाश हो गया है। उस व्यापारी की उसकी महिला मित्र ने ही हत्या जहर खिलाकर हत्या कर दी थी।
ज्ञात हो कि धूमनगंज के साकेत नगर निवासी 35 वर्षीय मकसूद अहमद ग्लास व्यापारी थे। बीती आठ दिसंबर की शाम वह सिविल लाइंस स्थित एक होटल में अपनी महिला मित्र सदब उर्फ सदफ के साथ थे। भोजन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। महिला ने व्यापारी के दोस्त सलमान की मदद से उन्हें एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मकसूद को मृत घोषित कर दिया। शुरू में मौत को सामान्य माना गया। व्यापारी के शरीर पर नीले निशान देखकर पत्नी चांदनी खान ने हत्या की आशंका जताई। उन्होंने सदब और सलमान पर आरोप लगाए। विसरा रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। 19 अप्रैल 2025 को आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सदब ने बताया कि मकसूद ने उनके निजी संबंधों को सार्वजनिक कर दिया था। इससे उसकी वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। बदले की भावना से उसने खाने में जहर मिलाकर मकसूद की हत्या की। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।