बस्ती। महान ज्ञानी, परम ज्ञानी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का प्रकाश उत्सव (जन्म दिवस) देश-विदेश में उनके अनुयायियों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बस्ती शहर में भी गुरु रविदास जी का जन्म दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान सिख समाज द्वारा गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर पूर्वांचल सिख सेवा समिति के अध्यक्ष सरदार जगबीर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी का सिख समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। उनकी वाणी श्री गुरु ग्रंथ साहिब में सम्मानपूर्वक सम्मिलित है और समाज उन्हें भगवान स्वरूप मानता है।
उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा—
“बहुत जन्म बिछड़े थे माधव, यह जन्म तुम्हारे लेखे। कह रविदास आस लग जीयो, अब पतियार क्या कीजे। चिर भयो दर्शन देखे।”
सरदार जगबीर सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी ने सत्य, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके उच्च आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलें। उन्होंने अपने संबोधन का समापन “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयघोष के साथ किया।
कार्यक्रम में सरदार अमृत पाल सिंह, सनम हरदीप सिंह, जोगेंद्र सिंह, सरबजीत सिंह, दमनप्रीत सिंह, कुलवंत सिंह, मंटू शुक्ला, राजेंद्र सिंह काका, रवि सिंह, गोलू, सतेंद्र सिंह, गंगा राम गौतम, हरमन सिंह, अमनदीप सिंह, इंदर पाल सिंह, डिप्टी सिंह, रिंकल सिंह, एसआई राधेश्याम तिवारी, राजेश श्रीवास्तव एवं चित्रांश क्लब के पदाधिकारी व सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
