•सनातन धर्म प्रचार समिति का 25वां वर्ष, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। सनातन धर्म प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम का 25वां वर्ष इस बार रजत जयंती महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जा रहा है। काली मंदिर परिसर स्थित गौरी शंकर महादेव मंदिर में चल रहे इस महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर है।

महोत्सव का शुभारंभ 18 फरवरी को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ था। तब से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक भव्य रामलीला मंचन किया जा रहा है। बाहर से आए अनुभवी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जा रही रामलीला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रामलीला का निर्देशन मेघ शकु राम निवास द्वारा किया जा रहा है, जिनके निर्देशन में कलाकार प्रभावशाली प्रस्तुति दे रहे हैं।

समिति के संरक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक निकुंज चंचन द्वारा श्रीराम कथा का वाचन किया जाता है, जबकि रात्रि में मंजरी जी भावपूर्ण अंदाज में कथा का प्रवचन करती हैं। कथा और रामलीला के समन्वय से श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ उठा रहे हैं।
महोत्सव के समापन अवसर पर 25 फरवरी को अवध की होली, विशाल मेला, भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
रजत जयंती वर्ष का यह आयोजन क्षेत्र में आस्था, परंपरा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दे रहा है।
