
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर लखनऊ के सर्वांगीण विकास के लिए एक व्यापक नीति-पत्र प्रस्तुत किया। इस नीति-पत्र का उद्देश्य राजधानी को देश की सबसे स्मार्ट, सुव्यवस्थित, हरित और तकनीकी रूप से सशक्त राजधानी के रूप में विकसित करना है।
डॉ. सिंह ने नीति-पत्र में शहर की प्रमुख नागरिक समस्याओं जैसे जलभराव, ट्रैफिक जाम, कचरा प्रबंधन, प्रदूषण और स्वास्थ्य सेवाओं के स्थायी समाधान के साथ-साथ स्मार्ट गवर्नेंस, ग्रीन मोबिलिटी और नागरिक भागीदारी का एकीकृत मॉडल प्रस्तुत किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से राजधानी की प्रमुख परियोजनाओं की नियमित समीक्षा हेतु “High-Level Capital Development Review Committee” गठित करने का अनुरोध किया। इस समिति की अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे और यह हर तीन माह में मुख्यमंत्री को परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देंगे, जिससे जवाबदेही और शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
नीति-पत्र में एआई-आधारित ड्रेनेज और ट्रैफिक सिस्टम, शिवरी वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का विस्तार, स्वच्छ लखनऊ पॉइंट्स योजना, गोमती नदी पुनर्जीवन 2.0 के तहत रीयल-टाइम सेंसर और ऑक्सीजन पार्क, ग्रीन लखनऊ मिशन 2030 के तहत अर्बन फॉरेस्ट, ऑक्सीजन पार्क और रूफ-टॉप गार्डन, एआई-आधारित हेल्थ वॉच पोर्टल और मोबाइल क्लिनिक जैसी योजनाओं को शामिल किया गया है।
इसके अलावा डॉ. सिंह ने मीडिया कर्मियों के लिए राज्य स्तरीय कल्याण कोष बनाने और सरोजनी नगर क्षेत्र की लंबित विकास परियोजनाओं के शीघ्र निस्तारण का अनुरोध किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएँ भी दीं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन और विकास का राष्ट्रीय मॉडल बन चुका है। इसी गति और प्रतिबद्धता के साथ लखनऊ को देश की सबसे स्मार्ट और हरित राजधानी बनाया जा सकता है।