मुरादाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों तक छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए समाज कल्याण विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण के निर्देश पर छात्रवृत्ति योजनाओं में बदलाव और सुधार के लिए मंडलीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में, सोमवार को मुरादाबाद मंडल में तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। इस कार्यशाला में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के पोर्टल में किए गए नए संशोधनों, समय सारिणी और नई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान, शिक्षण संस्थानों और छात्रों से जुड़े हितधारकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे प्रक्रिया को और सुगम बनाया जा सके।कार्यशाला में, समाज कल्याण निदेशालय लखनऊ के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं की मौजूदा प्रणाली में सुधार किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में नीतिगत और तकनीकी बदलाव लाकर प्रक्रिया को और भी सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा। सभी संस्थानों को 2 अक्टूबर 2025 तक छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। निदेशालय की टीम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।
इस कार्यशाला में तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय और मंडल के अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कल्याण सेक्टर के अधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनमें पिछड़ा वर्ग कल्याण के उप निदेशक जगमोहन सिंह, प्रेम प्रकाश पटेल और समाज कल्याण के उप निदेशक अजयवीर सिंह ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
