बस्ती। परिवहन सेवा से वंचित गांवों में जल्द बसें दौड़ेंगी। इसके लिए डिपो को 21 नई बसें एलॉट हुई हैं। जल्द ही ये बसें डिपो के बेड़े में शामिल होंगी। बस्ती रोडवेज डिपो में अभी 92 बसें हैं जिसके जरिये संचालन हो रहा है। हाल ही में पांच बसों को नीलामी प्रक्रिया में ले लिया गया, इससे बसों की संख्या अचानक घट गई और यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई।
नई बसें के आने से समस्याएं कम हो जाएंगी और यात्रियों का सफर सुगम होगा। इसके लिए बस्ती डिपो को छोटी-बड़ी मिलाकर 21 बसें मिलेंगी। छोटी बसों को परिवहन सेवा से वंचित सुदूर गांव में भेजेंगे। इन गांवों में बड़ी बसें नहीं जा पा रही हैं। मार्ग संकरा होने से बसें मुड़ नहीं पा रही थीं। ऐसे में निगम ने छोटी बसों के लिए भी डिमांड किया था। जिसके सापेक्ष 10 बसें छोटी मिली हैं, ये बसें गांव में जाएंगी। यहां के यात्रियों को लेकर मुख्यालय पर पहुंचाएंगी, फिर उन्हें वहां पहुंचाएंगी भी। इससे गांव के लोग मुख्यालय से सीधे जुड़ेंगे। उन्हें बस से सफर में आसानी होगी।
इस बाबत एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि बसें बनकर तैयार हैं, जल्द ही डिपो में बसें आ जाएंगी। नई बसें मिलने से संचालन व्यवस्था दुरुस्त होगी। छोटी बसें चिह्नित गांव वाले मार्ग पर जाएंगी। बड़ी बसें लंबी दूरी पर जाएंगी। अभी निगम की 92 और अनुबंधित की 32 बसें चल रही हैं।
बसें बढ़ने पर चालकों की भी किल्लत बढ़ेगी। नई बसें आने तक चालकों की भर्ती करने का फैसला किया गया है। इसके लिए नि:शुल्क कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
