के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। ब्लूमिंग बड्स स्कूल, संत कबीर नगर में तृतीय यूनिट टेस्ट एवं प्री-बोर्ड प्रथम परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात रविवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन (पीटीएम) का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे फूलों एवं गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जो अभिभावकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।








सम्मेलन में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंध निर्देशिका श्रीमती पुष्पा चतुर्वेदी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा जगह-जगह कर्मियों की तैनाती की गई थी, जो सम्मानित अभिभावकों का स्वागत कर उनके पाल्यों के साथ संबंधित मीटिंग कक्ष तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे थे।
मीटिंग कक्षों में कक्षा एवं सेक्शन-वार सभी विषयाध्यापक एवं कक्षा अध्यापक उपस्थित रहे। इस दौरान अभिभावकों ने शिक्षकों से अपने बच्चों के प्राप्त अंकों, ग्रेड, व्यवहार एवं प्रतिभा को लेकर सार्थक संवाद किया तथा बच्चों की कमियों को दूर कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझावों पर विशेष फीडबैक लिया गया।
इस अवसर पर प्रबंध निर्देशिका श्रीमती पुष्पा चतुर्वेदी ने शिक्षकों, अभिभावकों एवं नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि अभिभावकों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि वे अपने बच्चों के भविष्य एवं शिक्षा को लेकर कितने जागरूक हैं।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को एक बेहतर इंसान बनाना है। यह सम्मेलन केवल रिपोर्ट कार्ड देखने के लिए नहीं, बल्कि यह समझने का अवसर है कि हम मिलकर बच्चों को एक उज्ज्वल भविष्य कैसे दे सकते हैं।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी, उप-प्रधानाचार्य अनूप विश्वकर्मा, प्रयागनारायण शुक्ला, विवेकानंद शुक्ल, डॉ. मीना सिंह, सुशील तिवारी, नेहा राय, प्रीति मिश्रा, सोनी मौर्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र में प्रवेश हेतु रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का शुभारंभ बसंत पंचमी पर्व से भव्य रूप में किया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश परीक्षा आगामी रविवार को संपन्न होगी।
