
बस्ती। शुक्रवार को विकास खंड बनकटी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय खड़ौहा की प्रधानाध्यापिका विनीता आहूजा के नेतृत्व में विद्यालय परिवार ने डोर-टू-डोर अभियान चलाकर अभिभावकों को विद्यालय में नामांकन के लिए प्रेरित किया। इस अभियान में सहायक अध्यापक एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री आदित्यनाथ त्रिपाठी, शिक्षामित्र राकेश उपाध्याय, एसएमसी अध्यक्ष, रसोइया तथा अन्य शिक्षकगण शामिल रहे।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा के तहत बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापिका विनीता आहूजा और सहायक अध्यापक आदित्यनाथ त्रिपाठी ने बताया कि मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ला और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार त्रिपाठी ने निर्देश दिया है कि 6 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद कोई भी बच्चा परिषदीय विद्यालय में नामांकन से वंचित न रहे। यदि नामांकन में कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान विभाग द्वारा किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव भी स्वयं गांव-गांव जाकर बच्चों के नामांकन हेतु अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं। शिक्षक स्लोगन, पोस्टर और हैंडबिल के माध्यम से लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। अभियान का मुख्य संदेश है—”बेसिक शिक्षा ने ठाना है, हर बच्चे का परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराना है।”
इस जनसंपर्क अभियान में शशिकला, जीतू, धर्मेंद्र, शिवानी, प्रीति, प्रियंका, फागू, गुड़िया, महेंद्र सहित कई अभिभावकों ने सक्रिय सहयोग दिया।