रिपोर्ट : अभिनव अग्रवाल।
बिजनौर। भुईयार समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में संत कबीर साहेब के 628वें प्रकटोत्सव पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई । शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदर्शनी मैदान से किया गया।

भुईयार समाज उत्थान समिति के पदाधिकारी के नेतृत्व में शोभायात्रा प्रदर्शनी मैदान से कलेक्ट्रेट, विकास भवन, डाकघर सिविल लाइंस होते हुए राजमिलन बैंकट हॉल पर पहुंची। जहां विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में संत कबीर साहेब जी के जीवन काल पर प्रकाश डाला गया तथा उनके बताएं मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं मंचासीन अतिथि संतोष कुमार वर्मा, बलजीत, बलवंत, राजपाल, विजयपाल, मंगू सिंह, घनश्याम, अनुरागी, करन पाल विजय पाल, सुभाष आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर संत कबीर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने सर्वप्रथम सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की और अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के युवाओं को आगे आकर देश व समाज हित मे काम करने चाहिए।
समिति के अध्यक्ष करनपाल भुईयार ने कहा कि भुईयार समाज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राजनीतिक दृष्टि से भी अपनी मजबूत सहभागिता बनाने का आह्वान किया। कार्यकारी अध्यक्ष बलवंत सिंह ने समाज के लोगों से संगठित रहकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भोले सिंह ने कहा की संत कबीर साहेब ने अपने लेखन से भक्ति आंदोलन को बहुत प्रभावित किया। कबीर साहेब जी ने अपने दोहों के जरिए समाज में चल रहे कई भेदभाव व पाखंड को समाप्त करने की कोशिश की। लोगों का मानना है कि आज भी कबीर साहेब जी के दोहे लोगों को मानवता, प्रेम व मानवता का रास्ता दिखाते हैं। समाज को संत कबीर साहेब के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में बाइक, ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोगों के अतिरिक्त हजारों पैदल लोग शामिल रहे। शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र संत कबीर साहेब से जुड़ी झांकियां रही। बैंड संत कबीर साहेब की वाणी बजाते चल रहे थे। जिससे नगर का वातावरण संत कबीर साहेब मय हो गया। शोभायात्रा का जगह-जगह कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा एवं जलपान की व्यवस्था कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की भी भागीदारी रही।
कोषाध्यक्ष सुभाष सिंह, मंत्री ओंकार सिंह, महा सिंह, शेर सिंह, गोपाल सिंह, गजेंद्र सिंह एडवोकेट, नरेंद्र सिंह, भोले सिंह शादीपुर, नाथे सिंह भुइयार, रोहित कुमार आदि ने विचार रखे। भुइयार एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी, भुईयार समाज सेल्फ केयर टीम और नूरपुर क्षेत्र के टीम के पदाधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्षता समिति संरक्षक राजपाल भुईयार ने तथा संचालन महामंत्री बलजीत सिंह ने किया। गोष्ठी के बाद आयोजित भंडारे में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
