प्रयागराज। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के जूनियर डॉक्टर पर 8-10 नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वह बचकर अपने अपार्टमेंट की ओर भागे। हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फरार हो गए।
घायल डॉक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी घटना जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में रविवार शाम को हुई, लेकिन वीडियो मंगलवार देर शाम सामने आया। इसके बाद अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार रात हड़ताल कर दी। एसआरएन अस्पताल में नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी। इससे हालात बिगड़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के भिवानी के रहने वाले डॉक्टर अनुराग कुमार, स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल जनरल सर्जरी विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर हैं। वह जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र के एलआईसी रोड पर बने एक अपार्टमेंट में रहते हैं। डॉ. अनुराग कुमार ने बताया कि 22 सितंबर की शाम करीब 6 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर (8707292934) से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अमेजन का डिलीवरी बॉय बताया। उसने कहा-आपका पार्सल नीचे अपार्टमेंट गेट पर देना है।
उन्होंने बताया कि मैं जैसे ही नीचे पहुंचा तभी अचानक नकाबपोश 8-10 हमलावर वहां आ गए। मुझ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने मुझे बुरी तरह पीटा, जिससे मैं खून से लथपथ हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश गाली-गलौज करते हुए भाग निकले।
डाक्टरों का कहना है कि 22 तारीख को हमारे एक साथी डॉक्टर पर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर पर हमला किया। घटना की शिकायत जब जॉर्ज टाउन थाने में की गई। हमने पुलिस को बदमाशों के नाम, पते और मोबाइल नंबर तक उपलब्ध करा दिए। इसके बावजूद दो दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही के चलते हम सब देर रात से हड़ताल पर बैठे हैं। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, न तो ऑपरेशन थिएटर (ओटी) चलेगा और न ही पर्ची काउंटर खुलेगा। हालांकि, इमरजेंसी आने वाले मरीजों का इलाज किया जाएगा।
