
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान एक इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है। पनकी पॉवर प्लांट के सहायक अभियंता विनीत दुबे हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए एक प्राइवेट क्लिनिक गए थे, जहां उनके चेहरे पर सूजन आने के बाद हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रावतपुर थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय विनीत दुबे, जो मूल रूप से गोरखपुर के निवासी थे, 13 मार्च को इंपायर वाराही क्लिनिक की डॉक्टर अनुष्का तिवारी के पास हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए गए थे। जैसे ही डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, उनके चेहरे पर सूजन आ गई और स्थिति बिगड़ने लगी। डॉक्टर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला लिया, लेकिन इलाज के दौरान 14 मार्च को उनकी मौत हो गई।
विनीत की पत्नी जया दुबे ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का ने फोन करके बताया कि विनीत के चेहरे पर मामूली सूजन आ गई है, और वह उन्हें अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। स्थिति बिगड़ने के बाद, उन्हें रिजेंसी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन डॉक्टर की लापरवाही के कारण विनीत की मौत हो गई। घटना के बाद डॉक्टर अनुष्का तिवारी क्लिनिक और मोबाइल फोन बंद करके फरार हो गईं।
विनीत की पत्नी जया ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और सभी ऑडियो, वीडियो और अन्य साक्ष्य भी प्रदान किए। इसके बाद रावतपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि इंजीनियर की पत्नी की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
00