
बस्ती: महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज मंगलवार को बस्ती में ‘पिंक बूथ – परिवार परामर्श केंद्र’ का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन श्री के.एस. प्रताप कुमार की अगुवाई में किया गया, जिसमें मंडलायुक्त बस्ती, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बस्ती जनपद के कई प्रतिष्ठित नागरिक भी मौजूद रहे।





“मिशन शक्ति” अभियान के तहत परिक्षेत्र, बस्ती के जनपद बस्ती में परिवार परामर्श (काउन्सलिंग) हेतु मुख्यालय स्तर पर परिवार परामर्श केन्द्र स्थापित किया गया है और इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों जैसे संवेदनशील मामलों का शांतिपूर्ण और संवेदनशील समाधान करना है।
चार थानों में स्थापित किए गए पिंक बूथ:
जनपद बस्ती में चार थाना क्षेत्रों – कोतवाली, रुधौली, हरैया और नगर – में पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों को परिवार परामर्श केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा, जहां पति-पत्नी व पारिवारिक विवादों में मध्यस्थता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
पिंक बूथ की विशेषताएं और उद्देश्य:
थानों में आने वाली पारिवारिक शिकायतों की संख्या में कमी लाना। विवाद से ग्रस्त परिवारों को शांतिपूर्ण वार्ता हेतु उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराना। दोनों पक्षों को प्रशिक्षित काउंसलर की सुविधा देना। आवश्यकता पड़ने पर आश्रयगृह, स्वास्थ्य सेवा या अन्य संस्थाओं से मदद के लिए संदर्भित करना। पुलिस कर्मियों की मध्यस्थता दक्षता को बढ़ाना।
महिलाओं के लिए सहज और सुरक्षित स्थान:
अक्सर महिलाएं थानों पर जाकर अपनी समस्याएं बताने में संकोच करती हैं। पिंक बूथ की स्थापना के बाद अब महिलाएं निर्भीक होकर अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों से साझा कर सकेंगी। महिला कर्मी उनकी बातों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करेंगी।
महिला सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा:
इन पिंक बूथों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों व हॉटस्पॉट क्षेत्रों में महिला पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और पीड़िताओं की समस्याओं का समय पर समाधान संभव हो सकेगा।
पुलिस प्रशासन की सराहनीय पहल:
यह प्रयास महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है। ‘पिंक बूथ – परिवार परामर्श केंद्र’ आने वाले समय में महिला अपराधों पर नियंत्रण और समाज में सौहार्दपूर्ण माहौल स्थापित करने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।