लखनऊ। कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित ASEAN 2025 सम्मेलन में लखनऊ नगर निगम ने शहर के विकास कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में किए गए कदमों को प्रस्तुत कर भारत का गौरव बढ़ाया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस प्रतिष्ठित मंच पर “नॉलेज सिटी” के रूप में लखनऊ की उपलब्धियों को साझा किया और विश्व समुदाय को शहर की प्रगति की कहानी सुनाई।
इस अवसर पर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव भी उपस्थित रहे।सम्मेलन में इंदौर, सूरत और पणजी के प्रतिनिधिमंडलों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए, महापौर ने पैनल चर्चा में शहर-से-शहर सहयोग (City-to-City Cooperation) के महत्व और चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि लखनऊ का लक्ष्य केवल बुनियादी सुविधाओं में सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, हरित और ज्ञान-आधारित शहर के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना है।सम्मेलन के दौरान महापौर ने एक प्रस्तुति दी, जिसमें लखनऊ के स्मार्ट कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र विस्तार, स्वच्छता अभियान और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग में देश में तीसरा स्थान प्राप्त कर नया मानक स्थापित किया है।पैनल चर्चा में शहर-से-शहर सहयोग की चुनौतियों, अनुभव और बदलावों पर विचार-विमर्श हुआ।
महापौर ने बताया कि कानूनी, वित्तीय और संस्थागत बाधाएं प्रमुख चुनौतियां हैं, लेकिन डिजिटल तकनीक और साझा सीखने की प्रक्रिया इन समस्याओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।इस अवसर पर लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व के विभिन्न देशों के शहरों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया।
महापौर ने जनभागीदारी, सामुदायिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लखनऊ के सफल प्रयोगों को साझा किया, जो अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।सम्मेलन के Panel Discussion 2 में महापौर के साथ तुर्किये की गाज़ियांटेप नगर निगम की मेयर फ़ात्मा साहिन, तमिलनाडु सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के राज्य मिशन निदेशक, फिलीपींस के पूर्व मेयर ग्लेन फ्लोरेस और संयुक्त राष्ट्र ESCAP के सतत शहरी विकास अनुभाग के प्रमुख श्री कर्ट गैरीगन भी शामिल हुए।
Panel Discussion 1 में संयुक्त राष्ट्र, मलेशिया, इंडोनेशिया और भारत के शहरी विकास विशेषज्ञों ने शहर-से-शहर सहयोग की संभावनाओं और नीतिगत सुधारों पर अपने विचार रखे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा, “ASEAN 2025 सम्मेलन में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करना न केवल मेरे लिए, बल्कि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। यह हमारे शहर की कड़ी मेहनत, नागरिकों के सहयोग और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।”लखनऊ से दुनिया तक यह संदेश गया कि जब लक्ष्य ऊंचे हों और प्रयास सामूहिक हों, तो किसी भी शहर की पहचान सीमाओं से परे स्थापित की जा सकती है।
