
बस्ती। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुवापार गांव निवासी 27 वर्षीय पूनम पत्नी किशन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीती रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पूनम कमरे में गई और अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पत्नी को बचाने के प्रयास में पति किशन कुमार के हाथ झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशांक शेखर राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया।
वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को अक्सर मारा-पीटा जाता था और विवाद होता रहता था। इसी कारण वह कुछ समय पहले मायके चली गई थी। हाल ही में वह ससुराल लौटी थी, लेकिन पुनः विवाद हुआ और यह दुखद घटना हो गई।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।