कुदरहा(बस्ती)। जनपद के महादेवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पोस्ट गोनार में बिजली की जर्जर व्यवस्था ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। यहाँ वर्षों से बिजली के पक्के खंभों का अभाव है, जिसके कारण ग्रामीण लकड़ी के खंभों और बांस-बल्लियों के सहारे बिजली के तार खींचने को मजबूर हैं।
हादसे को दावत देती जर्जर व्यवस्था
गोनार गांव के निवासियों—हरिओम यादव, राजित यादव, राम प्रकाश यादव, राम दरश यादव, हृदयराम, राजदेव, जितेंद्र कुमार, विजयकांत और किशन निषाद समेत दर्जनों ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर लंबे समय से चिंता व्यक्त की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लकड़ी के खंभे सड़ चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं। बरसात के मौसम में करंट उतरने का खतरा और भी बढ़ जाता है, जिससे आए दिन किसी बड़ी अनहोनी की संभावना बनी रहती है।
विधायक दूधराम ने अधिशासी अभियंता को लिखा पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए महादेवा विधायक दूधराम ने प्रभावी कदम उठाया है। उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को औपचारिक पत्र लिखकर अवगत कराया है कि रामजीत के घर से राजित के घर तक और लाल जी के घर से श्याम सुंदर के घर तक बिजली के खंभे नहीं हैं।
वर्तमान में कई कनेक्शन लकड़ी के खंभों के सहारे चल रहे हैं।
विधायक ने विभाग से अपील की है कि उक्त स्थल का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए और जल्द से जल्द लोहे या कंक्रीट के बिजली के खंभे लगवाए जाएं।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभाग अपनी नींद से जागेगा और गांव की बिजली व्यवस्था दुरुस्त होगी ताकि लोग भयमुक्त होकर रह सके।
