
•मां-बेटी की हत्या करने के मामले में तीन माह से वांछित चल रहे दंपती।
•कप्तानगंज थानाक्षेत्र के सेठा गांव में तीन दिसंबर को हुई थी घटना।
बस्ती। मां-बेटी की हत्या के मामले में करीब तीन महीने से फरार चल रहे 50 हजार के इनामिया दंपती की चल-अचल संपत्ति जल्द ही कुर्क कर दी जाएगी। इसकी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। संपत्ति की कुर्की की नोटिस के करीब 40 दिन के बाद अदालत के आदेश की अवमानना किए जाने पर फरार कौशल चन्द्र पुत्र कमलेश उपाध्याय उर्फ विलोधर व उसकी पत्नी रंजना उर्फ मालती पत्नी कौशल चन्द्र निवासी ग्राम सेठा थाना कप्तानगंज पर मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र नाथ मिश्र ने स्वयं कप्तानगंज थाने में ही आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया है। अब इस केस बाद कोर्ट के आदेश पर चल-अचल संपत्ति की कुर्की कर दी जाएगी।
मालूम हो कि पुलिस ने अदालत के आदेश फरार चल रहे मुल्जिमों पर गिरफ्तारी का दबाव बनाने के लिए कोर्ट से कुर्की की नोटिस 17 जनवरी को 25 को प्राप्त की थी अगले दिन 18 फरवरी को आरोपित दंपत्ति के घर पर नोटिस चस्पा कर दी थी। इस नोटिस के बाद भी दंपती का कुछ पता पुलिस नहीं लगा सकी अब इनकी चल व अचल संपत्ति की कुर्की का आदेश प्राप्त करने की तैयारी में पुलिस जुटी हुई है।
वो मामला जिसमें दंपती पर इनाम घोषित हुआ
जिले के कप्तानगंज थानाक्षेत्र के सेठा गांव में संपत्ति के विवाद को लेकर अपनों ने ही मां-बेटी की तीन दिसंबर 2024 को पहले हत्या कर दी थी, फिर दोनाें के शव को उसी घर में जला दिया था। कमरे में मां 55 वर्षीय गोदावरी व उसकी बेटी 24 वर्षीय सौम्या का बुरी तरह जला हुआ शव मिला था। घटना के वर्कआउट के स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, एसओजी (स्पेशल आपरेशन ग्रुप), सर्विलांस व स्वाट टीम को लगाया गया था। मृतका की बड़ी बेटी की तहरीर पर उसके बड़े पिता विलाधर, सगे,सौतेले व चचेरे भाई, भाभी व चाची को आरोपित बनाया गया था। इस केस में चचेरे भाई व भाभी अभी भी फरार चल रहे हैं। इनके उपर अलग-अलग 50-50 हजार का इनाम घोषित है। अदालत में अब इनकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की के आदेश की प्रक्रिया विचाराधीन है।
पति ने गांव की जमीन पत्नी व बेटी के नाम कर दी थी
मृतका गोदावरी के पति अवधेश उपाघ्याय ने अपने जीवनकाल में ही अपनी जमीन को गोदावरी व सौम्या के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर उसके जेठ, सगे व सौतेले बेटे रंजिश रखते थे। जमीन का विवाद कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है।