बस्ती। शहर स्थित क्योर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए चिकित्सकों की टीम ने महिला के पेट से लगभग 10 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालकर उसे नया जीवन दिया।
वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजेश पटेल के नेतृत्व में हुई इस सर्जरी में सिद्धार्थनगर जनपद के बभनी निवासी अन्नपूर्णा चौधरी का ऑपरेशन किया गया।
डॉ. पटेल ने बताया कि ट्यूमर का आकार काफी बड़ा था, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण हो गया था। हालांकि विशेषज्ञ टीम और समुचित तैयारी के कारण सर्जरी सफल रही और ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति अब स्थिर एवं स्वस्थ है।

परिजनों के अनुसार, ट्यूमर लगातार बढ़ रहा था, जिसके कारण अन्नपूर्णा चौधरी को लंबे समय से गंभीर तकलीफ का सामना करना पड़ रहा था। समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार मिलने से जटिल सर्जरी संभव हो सकी। सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब बस्ती ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी मरीज बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
