मौसम समाचार: प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के बाद पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी की देर रात से वर्षा का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में बदलाव और आसमान साफ होने से बीती रात पश्चिमी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जो अगले 24 घंटों तक जारी रह सकती है।
पूर्वांचल में आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में क्रमिक गिरावट के बावजूद तापमान सामान्य के आसपास या उससे अधिक रहने की संभावना है। कोहरे में आई कमी के चलते प्रदेशवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलती रहेगी।
22 जनवरी की देर रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश से वर्षा की शुरुआत होकर 23 जनवरी को पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश होने के आसार हैं। 24 जनवरी को बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, जबकि 25 जनवरी को मौसम शुष्क हो जाएगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे ठंड से राहत बनी रहेगी।
हालांकि 24 से 26 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में पुनः 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद 26 जनवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक बार फिर बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं, अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान मामूली गिरावट के बावजूद सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।
