प्रयागराज। यूपी बार काउंसिल के चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में आखिरकार मुकदमा दर्ज हो गया है। बार काउंसिल के प्रत्याशी देवेंद्र मिश्रा नगरहा और श्रद्धा शुक्ला पक्ष की ओर से एफआइआर लिखी गई है। सिविल लाइंस पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चुनाव के दौरान ही दो पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया गया कि सोमवार को चुनाव के दौरान चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट करते हुए धमकी दी गई।
सिविल लाइन्स इंस्पेक्टर राम आसरे ने कहा कि महिला वकील और दूसरे पक्ष के वकीलों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वकीलों का आपसी विवाद है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि चौथे चरण में यूपी बार काउंसिल का प्रयागराज में भी चुनाव में चार दिन तक मतदान किया गया। यहां 30 जनवरी से दो फरवरी तक मतदान संपन्न हुआ था। इसमें मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मतों का प्रयोग किया था। यूपी बार काउंसिल चुनाव में 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें प्रदेश के कुल 2 लाख 49 हजार वोटर मतदान करेंगे। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पहली बार प्रयागराज में करीब 33 हजार अधिवक्ताओं को चार दिनों में मतदान का अवसर दिया गया है।
