
•क्लास में पढ़ने वाली छात्रा और परिवार हिरासत में, मोबाइल से पहुंची पुलिस।
प्रयागराज। जनपद के उतराव थाना क्षेत्र में 9वीं के छात्र की सिर कूंच कर हत्या कर दी गई। शनिवार रात 11 बजे घर से 200 मीटर दूर खून से लथपथ छात्र का शव मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक मोबाइल, एक जोड़ी चप्पल और फरसा बरामद हुआ। पुलिस ने अफेयर में हत्या की आशंका जताई है।
घटना उतरांव थाना क्षेत्र के सराय इस्माइल लाला का पुरा गांव की है। पुलिस घटनास्थल पर मिले फोन और चप्पल के आधार पर गांव के एक मुस्लिम परिवार के घर गई। पता चला कि इस परिवार की लड़की छात्र के साथ पढ़ती थी। दोनों आपस में बातचीत करते थे। परिवार कई बार इसका विरोध जता चुका था।
पुलिस ने छात्रा, उसकी मां, पिता, दादा और एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय इस्माइल लाला का पुरा गांव निवासी अश्वनी कुमार यादव सैदाबाद में मीटर रीडर हैं। उनका बेटा शैलेश मोतिहां स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में नौवीं का छात्र था। अश्वनी ने बताया कि शनिवार शाम को शैलेश घर पर बैठा था। किसी का फोन आया तो बात करते हुए बाहर निकल गया। इसके बाद रात तक घर नहीं लौटा। मैंने उसे फोन किया तो फोन नहीं लगा। आसपास के लोगों से पूछा, कहीं कुछ पता नहीं चला। गांव के लोगों के साथ पूरे क्षेत्र में तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रात करीब 11 बजे घर से 200 मीटर दूर तालाब के पास शैलेश का खून से लथपथ शव मिला। उसकी सिर कूंच कर हत्या की गई थी।
ग्रामीणों ने पुलिस को फोन किया। सूचना पर एसीपी हंडिया सुनील कुमार सिंह पहुंचे। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शैलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। शैलेश के साथ पड़ोस की मुस्लिम लड़की पढ़ती थी। दोनों का अफेयर था। इसकी चर्चा पूरे गांव में थी।
पुलिस को शव से करीब 40 मीटर दूर कीपैड मोबाइल, एक जोड़ी चप्पल और फरसा बरामद हुआ। फोन और चप्पल छात्रा के पिता के थे। पुलिस ने उसको चप्पल पहना कर चेक किया। इसके बाद पुलिस ने छात्रा और उसके परिवार को हिरासत में ले लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है।