
बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग के पॉलिटेक्निक चौराहे पर आएं दिन हो रही मार्ग दुर्घटनाओं को लेकर पांडेय बाजार के व्यापारियों ने शनिवार को पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि पॉलिटेक्निक चौराहे पर ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता हैं जिस दिन हादसा न होता हो। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय है। व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिलकर मांग-पत्र सौंपेगा। शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन के फल व्यवसायी रामस्वरूप सोनकर की ट्रक से कुचलकर मौत होने के बाद काफी संख्या में लोग वहां जमा हो गए थे।
व्यापारियो ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर मूड़घाट की तरह पत्थर लगाकर मार्ग को बंद करने, फुटओवर ब्रिज, अंडरपास या फ्लाईओवर बनवाने की मांग की है। इस दौरान रोशन शुक्ला, ताड़क जायसवाल, चुनमुनलाल, राजकपूर सोनकर, विशाल कश्यप, आकाश कसौधन, राजकपूर, रोशन सोनकर, सचिन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, महेश गुप्ता, विक्की सोनी, राजीव पासवान, प्रतीक गुप्ता, शुभम कसौधन सहित अन्य मौजूद रहे।
समाजसेवी एवं व्यापारी नेता गौरव गुप्ता विक्की ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखकर पॉलिटेक्निक चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की है।
उनका कहना है कि इस चौराहे के आस-पास विद्यालय, दुकानें, थोक विक्रेता, गोदाम आदि मौजूद है। चौराहे से होकर काफी संख्या में लोग रोजाना गुजरते हैं। यहां पर आए दिन दुर्घटना हो रही है, जिसमें लोग जान गंवा रहे हैं। फ्लाईओवर बन जाने से लोगों की जान सुरक्षित रह सकती है।