
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा देखने को मिला। दरअसल अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक और बस के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। दरअसल यह दुर्घटना प्राइवेट बस के ट्रक में टक्कर मारने से हुई। प्राइवेट बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती करा दिया है। इससे पहले 15 नवंबर को गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं महिला का पति और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
टप्पल पुलिस ने बताया कि अलीगढ़ के थाना टप्पल क्षेत्र के एक्सप्रेसवे वे पर गुरुवार रात को एक डबल डेकर बस ने आगे चल रहे ओवर लोडिंग ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के फरखच्चे उड़ गए। बस के शीशे तोड़कर लाशों को बाहर निकाला गया। हादसे में मां पांच महीने के बेटे सहित 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 56 पर यह सड़क हादसा हुआ है।