
लखनऊ। थाना जानकीपुरम और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक महिला से लूटपाट करने वाले दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। घटना में शामिल अभियुक्त कमलेश तिवारी और अली अब्बास ने 21 अक्टूबर 2024 को जानकीपुरम क्षेत्र में एक महिला से सोने की चैन छीन ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से 22 अक्टूबर की रात दोनों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिस ने भिटौली क्रॉसिंग पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोका, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करते समय स्कूटी गिरने से दोनों अभियुक्त भागने की कोशिश करने लगे। कमलेश तिवारी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
इस दौरान कमलेश तिवारी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल कमलेश को इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जबकि अली अब्बास भागने में सफल रहा।
अली अब्बास को बाद में पुलिस ने छठामील क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। कमलेश तिवारी की तलाशी में तमंचा, जिंदा कारतूस, लूटी गई सोने की चैन के टुकड़े और एक मोबाइल बरामद हुआ। पीड़िता शैलबाला ने चैन की पहचान की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और लूटपाट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।कमलेश तिवारी और अली अब्बास पर लूटपाट और फायरिंग का आरोप है।
——————————-