बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में जनपद बस्ती के विभिन्न थानों द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, स्वावलंबन एवं उनके अधिकारों के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूक किया गया।




इस अभियान के तहत मिशन शक्ति-केंद्र थाना लालगंज द्वारा अलग रह रहे पति-पत्नी के एक जोड़े को आपसी समझाइश के माध्यम से पुनः मिलवाया गया, जिससे पारिवारिक विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सका।
मिशन शक्ति टीम थाना हरैया द्वारा ग्राम तेनुआ में महिला चौपाल का आयोजन कर महिलाओं को पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान महिला अपराध, विभिन्न हेल्पलाइन नंबर, तीन नए कानून तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई और महिलाओं से अपराध के विरुद्ध बिना डरे आवाज उठाने की अपील की गई।
इसी क्रम में मिशन शक्ति टीम थाना कोतवाली द्वारा जीजीआईसी इंटर कॉलेज, रोडवेज एवं कटेश्वर पार्क में महिलाओं को पंपलेट वितरित कर महिला अपराध, सुरक्षा उपायों एवं सहायता हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
थाना रुधौली की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम बासखोर कला में, जबकि थाना कलवारी की टीम ने ग्राम मिश्रौलिया में महिलाओं को पंपलेट वितरित कर उनके अधिकारों, महिला अपराधों से बचाव तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त महिला थाना की मिशन शक्ति टीम द्वारा कटेश्वर पार्क एवं गांधी नगर क्षेत्र में महिलाओं को जागरूक किया गया और उन्हें हर परिस्थिति में निर्भीक होकर अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मिशन शक्ति फेज 5.0 का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें कानून एवं सुरक्षा संसाधनों की जानकारी देना तथा एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण करना है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
