लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 21 जनवरी 2026 को थाना मदेयगंज क्षेत्र के खदरा चुंगी और त्रिवेणी नगर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य गली-मोहल्लों तक महिला सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाना और महिलाओं, छात्राओं व बच्चों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति सजग करना रहा।मदेयगंज थाना की पिंक स्कूटी और एंटी-रोमियो टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद किया। टीम ने महिला अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन शोषण और साइबर अपराध जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही आपात परिस्थितियों में सहायता के लिए उपलब्ध महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, जिनमें विमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। जागरूकता के लिए संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।अभियान के दौरान पिंक बूथ, पिंक मोबाइल और महिला शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया गया। महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में वे बिना झिझक इन संसाधनों का उपयोग कर सकती हैं। पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया।गौरतलब है कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थानों पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जा सके। पिंक बूथ पहल को प्रदेश सरकार द्वारा हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए एक सुरक्षित आश्रय और सहायता प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है, जो उन्हें एकीकृत समर्थन प्रदान करती है।इस जागरूकता अभियान में महिला उपनिरीक्षक सविता सिंह, महिला हेड कांस्टेबल पूनम, वर्तिका चतुर्वेदी और ज्योति सहित पुलिस टीम के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। टीम ने राहगीरों से संवाद कर यह भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मिशन शक्ति के माध्यम से लखनऊ पुलिस समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
