
बस्ती। जनपद बस्ती के महिला थाना द्वारा संचालित “ऑपरेशन साथ-साथ” अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह द्वारा चार ऐसे दंपतियों के बीच सुलह कराई गई, जो पिछले कई महीनों से पारिवारिक मतभेदों के चलते अलग-अलग रह रहे थे। महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में की गई इस पहल को स्थानीय स्तर पर काफी सराहना मिल रही है।



आज जिन चार दंपतियों को आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ जीवन बिताने के लिए राजी किया गया, वे हैं: रजनी कन्नौजिया पत्नी वीरेंद्र प्रताप, निवासी जमोहरा, थाना पुरानी बस्ती; शहनूरजहां पत्नी शहजाद अहमद, निवासी पुरवा, थाना दुधारा; स्मिता पत्नी संतोष चौबे, निवासी गनेशपुर चौबे, थाना वाल्टरगंज; रीता पत्नी रामचंद्र, निवासी खुशीपाली जोत, थाना खोडारे, जनपद गोंडा।
इन सभी मामलों में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक मनमुटाव एवं रिश्तों में खटास बनी हुई थी। अलगाव की स्थिति के बावजूद महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने दोनों पक्षों से व्यक्तिगत वार्ता कर समझाइश दी और उन्हें आपसी विश्वास, प्रेम व सम्मान से फिर से साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। थाने में आपसी सहमति से हुए सुलह समझौते के बाद सभी दंपतियों को राज़ी-खुशी उनके घर के लिए विदा किया गया।
बता दें कि ऑपरेशन साथ-साथ का मुख्य उद्देश्य टूटते हुए परिवारों को सामाजिक-संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ जोड़ना है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो और समाज में पारिवारिक स्थिरता बनी रहे।
इस पहल की स्थानीय लोगों और अधिकारियों द्वारा सराहना की जा रही है। यह कार्य न केवल क़ानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बल्कि समाज में सौहार्द और रिश्तों को मजबूत करने का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण है।