•अंतिम चरण की तैयारियां पूरी, कैमरे की निगरानी के होगा मतदान।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 और 31 जनवरी को होने वाले निर्णायक मतदान से पहले बार काउंसिल परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया गया है। मतदान को लेकर बार काउंसिल के अंदर अलग-अलग मतदान स्थल बना दिए गए हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य गेट को बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। अब केवल निर्धारित प्रवेश मार्गों से ही मतदाताओं को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।
इस अंतिम चरण में प्रयागराज के करीब 33 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेश भर से मैदान में उतरे कुल 333 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला इसी चरण में होगा। इसे लेकर प्रयागराज में चुनावी माहौल चरम पर है और बार काउंसिल परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी पूरी व्यवस्था पर नजर रखे हुए है। कमेटी के अध्यक्ष झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि रंजन हैं। उनके साथ पूर्व न्यायमूर्ति एस.आर. मसूरी और पूर्व न्यायमूर्ति रेखा पल्ली भी इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। वहीं निर्वाचन अधिकारी पूर्व न्यायमूर्ति अरविंद कुमार त्रिपाठी और पर्यवेक्षक पूर्व न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह के निर्देशन में मतदान कराया जाएगा।
मतदान के दौरान केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को प्रवेश मिलेगा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। मतदाताओं को अपने साथ सीओपी प्रमाण पत्र या अधिवक्ता पंजीकरण प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। वर्ष 1961 से 2014 तक पंजीकृत अधिवक्ताओं के लिए अलग लेन और 2015 से 2025 तक पंजीकृत अधिवक्ताओं के लिए अलग लेन निर्धारित की गई है।
