
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 11 अधिकारियों के तबादले कर दिए। जिनमें कई वरिष्ठ पदों पर तैनात अधिकारियों के नाम भी शामिल है। इस फेरबदल में प्रयागराज के पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) तरुण गाबा को उनके पद से हटाकर लखनऊ रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। तरुण गाबा की जगह कानपुर रेंज के IG जोगिंदर कुमार को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। जोगिंदर कुमार वर्ष 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं। बता दें कि प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पिछले कई महीनों से सरकार लगातार बड़े पैमाने पर फेरबदल में लगी हुई है। ट्रांसफर का यह फैसला उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश की ओर से लिया गया है।
देखें ट्रांसफर हुए 11 आईपीएस अधिकारियों की लिस्ट :-
- तरुण गाबा (आईपीएस-2001): वर्तमान में पुलिस आयुक्त प्रयागराज पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ बनाया गया है।
- आशुतोष कुमार (आईपीएस-2001): पुलिस महानिरीक्षक, पीएसी मुख्यालय लखनऊ से स्थानांतरित होकर अब अपर पुलिस आयुक्त कानपुर बनाए गए हैं।
- उपेन्द्र कुमार अग्रवाल (आईपीएस-2005): उनके लखनऊ परिक्षेत्र तैनाती के आदेश को निरस्त कर पुनः पुलिस महानिरीक्षक, पीएसी मुख्यालय, लखनऊ बना दिया गया है।
- जोगेन्द्र कुमार (आईपीएस-2007): अब तक पुलिस महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के पद पर थे। उन्हें पुलिस आयुक्त, प्रयागराज के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
- हरीश चन्द्र (आईपीएस-2010): अब तक अपर पुलिस आयुक्त, कानपुर थे। उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर बनाया गया है।
- संजीव त्यागी (आईपीएस-2010): अपर पुलिस आयुक्त आगरा कमिश्नरेट में कार्यरत थे। अब वे पुलिस उपमहानिरीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार, लखनऊ बनाया गया है।
- प्रदीप गुप्ता (आईपीएस-2010): पुलिस उपमहानिरीक्षक, दूरसंचार लखनऊ में पदस्थ थे। उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार, लखनऊ होंगे।
- हेमन्त कुटियाल (आईपीएस-2011): वर्तमान में उपमहानिरीक्षक, एसएसएफ (विशेष सुरक्षा बल), दूरसंचार के साथ-साथ कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अब वे एसएसएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक होंगे।
- राम बदन सिंह (आईपीएस-2011): पुलिस उपमहानिरीक्षक /पुलिस उपायुक्त गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में तैनात थे। अब वे अपर पुलिस आयुक्त, आगरा कमिश्नरेट होंगे।
- रमेश प्रसाद गुप्ता (आईपीएस-2014): पुलिस अधीक्षक, लॉजिस्टिक्स लखनऊ से स्थानांतरित कर उन्हें सेनानायक, 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद नियुक्त किया गया है।
- अमित कुमार (आईपीएस-2015): सेनानायक, 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद से स्थानांतरित कर उन्हें सेनानायक, 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ बनाया गया है।
प्रशासनिक निर्देश: सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन पदस्थानों पर बिना समय गंवाए कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना तत्काल पुलिस मुख्यालय को देने को कहा गया है। यह तबादला सूची उत्तर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली बनाने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।
