कुदरहा(बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर बैसिया के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल सवार ने साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैसिया निवासी हीरालाल (70) पुत्र भुरई कुदरहा बाजार से साइकिल द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बैसिया चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुदरहा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज कैली, बस्ती के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
