अपराध: यूपी के देवरिया में दो स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें देर रात 12 बजे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जबकि दो अन्य भागने में कामयाब रहे थे। पुलिस को आज एक और कामयाबी हाथ लगी है। दरअसल, पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को सुबह पकड़ लिया है। पकड़ा गया ये आरोपी नाबालिग है और 11वीं का छात्र है, जो छात्राओं से छेड़छाड़ के वक्त बाइक पर आगे से दूसरे नंबर पर बैठा था। यह तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। हालांकि अभी भी छेड़छाड़ का चौथा आरोपी फरार है। अब पुलिस उस उसकी तलाश कर रही है।
पूरे मामले को लेकर एसएसपी देवरिया दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया, 4 अक्टूबर को तरकुलवा थाना क्षेत्र में स्कूली छात्राओं के साथ छेडख़ानी की घटना घटित हुई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। इस संबंध में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ थाना तरकुलवा में मुकदमा दर्ज कराया गया था और तलाश की जा रही थी।
उन्होंने आगे कहा कि विवेचना के क्रम में इन अभियुक्तों की पहचान की गई। इनके कहीं जाने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद हमारी टीमें सक्रिय हुईं, जब इनकी घेराबंदी की गई, तो अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस के जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी है। इनको गिरफ्तार करके सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है।
एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त मूल रूप से थाना तरकुलवा क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिनकी पहचान रितिक यादव और धीरज पटेल के रूप में हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी भी प्रकार के कानून व्यवस्था की कोई दिक्कत नहीं है।
बता दें कि मुठभेड़ में घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
दरअसल, 4 अक्टूबर (शुक्रवार) को तरकुलवा थानाक्षेत्र के नारायणपुर कस्बे में बाइक सवार चार युवकों ने दिनदहाड़े दो स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ की थी। छात्राएं पास के ही स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्राएं हैं। शुक्रवार की सुबह वह स्कूल में परीक्षा देने के लिए साइकिल से गई थीं। परीक्षा देने के बाद दोनों छात्राएं अपने घर लौट रहीं थी। इस दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार चार युवकों ने दोनों छात्राओं को रास्ते में ही घेर लिया। छात्राओं के साथ वे छेड़खानी करने लगे। छात्राएं किसी प्रकार छात्राओं के चंगुल से छूटकर भागीं।पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही थी, इसी दौरान आरोपियों के बारे में कुछ इनपुट मिला जिसके आधार पर ही पुलिस ने घेराबंदी की। अभियुक्तों के पास से अवैध असलहा भी प्राप्त हुआ है। पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है। आज सुबह पुलिस ने एक तीसरे आरोपी को पकड़ा है। ये आरोपी नाबालिग है और 11वीं का छात्र है, जो छात्राओं से छेड़छाड़ के वक्त बाइक पर आगे से दूसरे नंबर पर बैठा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी गिरफ़्तारी हुई है।
