•श्रीमती नन्दा रानी पांडेय पत्नी श्री त्रिलोकी नाथ पाण्डेय, पूर्व डीजीसी सिविल बस्ती ने दिया सराहना पत्र, देव दिपावली पर पुलिस जवान ने किया था यह प्रशंसनीय कार्य।
उ०प्र० न्यूज : पिछले साल देव दिपावली पर अपने प्रशंसनीय कार्यों के कारण चर्चा में आये पुलिस बल का जवान विवेकानन्द डी दल, को श्रीमती नन्दा रानी पांडेय पत्नी श्री त्रिलोकी नाथ पाण्डेय, पूर्व डीजीसी सिविल बस्ती द्वारा वाराणसी प्रशासन को लिखे सराहना पत्र पर राजेश कुमार सक्सेना, पुलिस उपमहानिरीक्षक / सेनानायक 25वीं वाहिनी पी०ए०सी० रायबरेली द्वारा विगत दिवस सम्मानित किया गया। प्रशस्ति पत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ड्यूटी के प्रति सजगता एवं आम जन-मानस के प्रति मदद एवं सहयोग की भावना को लेकर आरक्षी विवेकानन्द की सराहना व प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं टीएन पाण्डेय, पूर्व डीजीसी सिविल बस्ती ने जवान की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्री विवेकानंद ने ऐसा आश्चर्यजनक और प्रशंसनीय कार्य किया, जिसने हमें यह विश्वास करने के लिए मजबूर कर दिया कि प्रदूषित वातावरण के बावजूद पुलिस बल में मानवता अभी भी मौजूद है और चमक रही है। 15 नवम्बर 2024 मेरी लगभग 78 वर्षीय पत्नी श्रीमती नंदा रानी पांडेय को अथाह भीड़ मे डर की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था कि वह देव दिपावली पर दशाश्वमेध घाट नहीं पहुँच पायेंगी। लेकिन युवा लड़के पीएसी मैनपुरी के जवान, जिसकी ड्यूटी बनारस देव दिपावली पर्व पर दशाश्वमेध घाट पर तैनाती थी, ने देखा और उन्हे बचाने के लिए आये और उन्हे पीठ पर लादकर दशाश्वमेध घाट, बनारस पर देव दीपावली दिखाई और उसके बाद मेरी पत्नी को अपनी पीठ पर बिठाया और ऊपर सड़क पर ले आया। ऐसा कार्य अनुकरणीय और प्रशंसनीय है, यह कार्य दर्शाता है कि पुलिस बल में श्री विवेकानंद जैसे व्यक्ति हैं, प्रभु शिव उस पुलिस वाले पर कृपा करें जो पुत्र के समान है, सभी खुशियाँ उसके जीवन में खुशहाली लाएँ। श्री विवेकानन्द उत्तर प्रदेश पुलिस बल में स्टार हैं।

