के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। मेहदावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि आपसी तालमेल और भाईचारे को ध्यान में रखते हुए बड़े से बड़े विवाद को भी शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सकता है।
पीडब्ल्यूडी डाक बंगला, मेहदावल में आयोजित बैठक में उन्होंने क्षेत्र में हाल ही में हुए विवाद को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों को बुलाकर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना था।
माननीय विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास और नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में वैमनस्य फैलाने वाली किसी भी घटना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पक्षों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो। साथ ही सभी को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से रहने की प्रेरणा दी।
मामले के त्वरित और न्यायसंगत समाधान के लिए विधायक ने एसडीएम मेहदावल एवं थानाध्यक्ष मेहदावल से वार्ता कर प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर हर विवाद का समाधान संवाद और न्याय के माध्यम से करेंगे।
