लखनऊ। आलमबाग चंदरनगर व्यापार मंडल (सम्बद्ध लखनऊ व्यापार मंडल) का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार, 2 फरवरी 2026 को चंदरनगर, आलमबाग में गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य नवगठित व्यापार मंडल की कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपना और व्यापारिक एकता कसमारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुरेश तिवारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन अनिल वरमानी, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल तथा लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों और पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर, मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई।इसके पश्चात लखनऊ व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र द्वारा आलमबाग चंदरनगर व्यापार मंडल की नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष सोमेश मिश्र, वरिष्ठ महामंत्री मोहन खत्री, कोषाध्यक्ष विनोद भाटिया, महामंत्री अभिषेक सडाना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगुल किशोर भवनानी, अफाक खान, सुनील मालानी, उपाध्यक्ष गगन ग्रोवर, महेन्दर कन्याल, अनिल अग्रवाल, जयराम खत्री, रजनीश द्विवेदी, कुलदीप बाजपेयी, हफीज अहमद, संगठन मंत्री सरदार जसवीर सिंह, सतीश अरोड़ा, सुशील अरोड़ा, विधि मंत्री गुलशन मोहला, प्रचार मंत्री मोहम्मद कासिम खान, सचिव अंकुज चौधरी, सुरेन्द्र कुमार लोधी, परितोष सोनकर, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद इरशाद, कपिल खत्री, अरमीत सिंह, मोहम्मद साजिद, बालकृष्ण कालारा, राकेश वर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेन्द्र सिंह हुड्डा, लीलाधर, निर्मल कुमार, सुनील चावला, अनिल अरोड़ा, योगेश महाजन, दीपक पाण्डेय, राकेश केसरवानी एवं नदीम सलमानी शामिल रहे।
मुख्य अतिथि सुरेश तिवारी ने अपने संबोधन में नवगठित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि व्यापार मंडल केवल व्यापारियों का संगठन नहीं, बल्कि समाज की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने वाला सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि संगठित व्यापारी समाज अपने हितों की रक्षा के साथ-साथ प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने आशा व्यक्त की कि नवगठित टीम आपसी समन्वय, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेगी तथा व्यापारियों की समस्याओं को संगठित रूप से शासन और प्रशासन तक पहुंचाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और सेवा भावना के साथ करने का आह्वान किया।
लखनऊ व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन केवल शपथ ग्रहण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक विश्वास, एकता और व्यापारिक स्वाभिमान का उत्सव है। उन्होंने कहा कि नई टीम ने जिस जिम्मेदारी को स्वीकार किया है, वह सेवा, समर्पण और संघर्ष की जिम्मेदारी है।
उन्होंने व्यापार को समाज की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि व्यापार मंडल को व्यापारी हितों की रक्षा, समस्याओं के समाधान और प्रशासन से प्रभावी संवाद की मजबूत कड़ी बनना होगा। उन्होंने बढ़ती लागत, कर संबंधी जटिलताओं और बाजार की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन इन मुद्दों पर व्यापारियों की आवाज बनकर मजबूती से खड़ा रहेगा।
अध्यक्ष सोमेश मिश्र ने क्षेत्र के व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन सदैव व्यापारी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र से जुड़ी किसी भी समस्या, चाहे वह प्रशासनिक हो या सुविधाओं से संबंधित, उसे प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही तथा छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि ब्रजेश पाठक किसी आवश्यक कार्य से बिंदकी जाना पड़ा, जिसके कारण वे कार्यक्रम में अधिक समय तक उपस्थित नहीं रह सके।
उन्होंने सुबह 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर नवगठित टीम को शुभकामनाएं दी थीं, जिसे उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भी साझा किया।समारोह का समापन व्यापारी एकता और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
