लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की क्राइम ब्रांच और थाना बक्शी का तालाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लोहे की सरिया चोरी की बड़ी घटना का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई 23 बंडल लोहे की सरिया और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से तीन के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में पहले से ही अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार यह घटना दिनांक 25 जनवरी 2026 की है, जब थाना बक्शी का तालाब क्षेत्र अंतर्गत भैसामऊ क्रॉसिंग के पास स्थित शिवरतन ट्रेडर्स के बाहर से अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 40 कुंतल लोहे की सरिया चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में दिनांक 28 जनवरी 2026 को दुकान संचालक रामसनेही यादव, निवासी ग्राम डिंगूरपुर, तहसील बक्शी का तालाब ने थाना बक्शी का तालाब में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 36/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक अरुण कुमार द्वारा की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को गश्त एवं विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की गई सरिया को एक ट्रक में लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और बीकेटी पुलिस टीम ने इंदौराबाग तहसील जाने वाली सर्विस लेन, किसान पथ कट पर घेराबंदी की और ट्रक संख्या यूपी 32 एफएन 2424 को रोक लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें सवार चालक सहित चार व्यक्तियों के कब्जे से 23 बंडल लोहे की सरिया बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने सरिया चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। अभियुक्तों को मुकदमा संख्या 36/2026 से अवगत कराते हुए किसान पथ कट, इंदौराबाग सर्विस लेन से रात करीब एक बजे गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों द्वारा तेजी से धन अर्जित कर उसे खर्च करने की नीयत से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मेवालाल यादव, अखिलेश कुमार, दीपक यादव और जयदीप यादव के रूप में हुई है। सभी अभियुक्त जनपद उन्नाव के थाना सोहरामऊ क्षेत्र के शेखपुर गांव के निवासी हैं और मजदूरी का कार्य करते हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मेवालाल यादव, दीपक यादव और अखिलेश कुमार के विरुद्ध लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली और बाराबंकी सहित कई जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में अनेक अभियोग दर्ज हैं। जयदीप यादव का भी पूर्व में चोरी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बरामद 23 बंडल लोहे की सरिया और चोरी की घटना में प्रयुक्त ट्रक को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस पूरे अनावरण में क्राइम ब्रांच लखनऊ और थाना बक्शी का तालाब पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।
