महराजगंज। महराजगंज में सक्सेना चौक पर गोवंश की अस्थियां रखकर किए गए प्रदर्शन के मामले को जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तत्काल प्रभाव से तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश
गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर, संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीन दिवस के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संवेदनशील मुद्दे पर प्रशासन सतर्क
प्रदेश में गोवंश की सुरक्षा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में सार्वजनिक स्थल पर गोवंश की अस्थियां रखकर प्रदर्शन किया जाना एक संवेदनशील विषय माना जा रहा है। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि अस्थियां वहां तक कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में प्रदर्शन की स्थिति बनी।
साजिश के पहलू की भी होगी पड़ताल
सूत्रों के अनुसार, जांच में इस संभावना पर भी विचार किया जाएगा कि कहीं यह घटना माहौल बिगाड़ने या प्रशासन को कटघरे में खड़ा करने की सुनियोजित साजिश तो नहीं। सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
