संवाददाता – अरविंद गोयल
हरिद्वार (उत्तराखंड) |विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार में बैसाखी स्नान पर्व के अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों सहित नेपाल से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र हर की पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मोक्षदायिनी गंगा नदी में स्नान कर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मान्यता है कि इस पावन अवसर पर गंगा स्नान करने से मनुष्य को पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
बैसाखी पर्व को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा तथा घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई।
प्रशासन की सूझबूझ और व्यवस्थाओं के चलते स्नान पर्व शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न हुआ। अधिकारियों ने मां गंगा से श्रद्धालुओं के सुख-शांति की कामना की।
