विचार मंथन: हाल ही में कानपुर के पनकी क्षेत्र से सामने आई एक बेहद दुखद घटना ने पूरे समाज को गहरे आत्ममंथन के लिए मजबूर कर दिया है। एक हाईस्कूल छात्रा, जिसने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, ने मानसिक दबाव के चलते आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। यह घटना महज एक खबर नहीं, बल्कि हमारे शिक्षा तंत्र, सामाजिक मानसिकता और बच्चों पर बढ़ते दबाव का गंभीर संकेत है।
आज शिक्षा का उद्देश्य ज्ञान और व्यक्तित्व विकास से भटककर केवल अधिक अंक हासिल करने तक सीमित होता जा रहा है। 90 या 95 प्रतिशत अंक अब योग्यता का मानक बन चुके हैं, जिससे बच्चों पर असहनीय मानसिक बोझ पड़ रहा है। इस पर शिक्षक धर्मेन्द्र चौधरी का कहना है कि अंक किसी विद्यार्थी की क्षमता का केवल एक हिस्सा होते हैं, लेकिन हम उन्हें ही पूरी पहचान बना देते हैं और यही सोच बच्चों के लिए घातक बन रही है।
हर बच्चे में अपनी प्रतिभा, रुचि और सीखने की गति में अलग-अलग होती है। इसके बावजूद तुलना की प्रवृत्ति चाहे घर में हो, स्कूल में या समाज में बच्चों के आत्मविश्वास को कमजोर करती है। अक्सर कही जाने वाली बातें, जैसे “फलां ने ज्यादा अंक लाए, तुम क्यों नहीं?”, बच्चों के मन में हीन भावना और तनाव पैदा करती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल परीक्षा के अंकों में नहीं, बल्कि बच्चे के आत्मविश्वास, मानसिक संतुलन और जीवन की खुशहाली में निहित है। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों को जीवन जीने की कला सिखाना होना चाहिए, न कि केवल प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाना।
यह समय है जब अभिभावक, शिक्षक और समाज मिलकर ऐसी सकारात्मक सोच विकसित करें, जहाँ बच्चों को बिना भय और दबाव के सीखने का अवसर मिले। उन्हें अपने सपनों को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का माहौल दिया जाए।
बच्चों को सबसे अधिक जरूरत है प्यार, समझ और सहयोग की, न कि अपेक्षाओं के बोझ की। यदि समय रहते हमने अपनी सोच नहीं बदली, तो अंकों की यह अंधी दौड़ कई और मासूम जिंदगियों को प्रभावित कर सकती है। क्योंकि अंततः, जिंदगी किसी भी परीक्षा से कहीं ज्यादा कीमती है।
