👉 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
कुदरहा (बस्ती)। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विकास क्षेत्र बहादुरपुर के भेड़वा स्थित यशोदा एजुकेशनल एकेडमी में शुक्रवार को मेधावी छात्रों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरही माता मंदिर के पुजारी दुर्गा प्रसाद ओझा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक दूबे ने संयुक्त रूप से मेधावी छात्रों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर छात्रों के परिजनों एवं शिक्षकों की भी सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की।
हाईस्कूल परीक्षा में रूबी राव ने 86% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि खुशी ने 84% अंकों के साथ द्वितीय और शिवांगी विश्वकर्मा ने 83% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
मुख्य अतिथि दुर्गा प्रसाद ओझा ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, अनुशासन और छात्रों की लगन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का मुख्य आधार है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक दूबे ने मेधावी छात्रों की उपलब्धि को पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन दिया जाता रहेगा। साथ ही अन्य विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सोनू दूबे, अवधेश मौर्य, रामसजीवन, जावेद अहमद, प्रभाकर प्रसाद, राम अवतार, सौरभ पाण्डेय, ओमप्रकाश पाण्डेय, वंदना मिश्रा, मानसी श्रीवास्तव, अनुज शुक्ला, प्रियल, शिवानी, उमाकांत, अनन्या वर्मा, अंतिमा वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
