बस्ती। शनिवार को प्रेस क्लब सभागार में एक भव्य पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें साहित्यकार कमलेश पाण्डेय की कृति ‘पूर्वांचल के ब्रह्म वंशज’ का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पं. अशोक शुक्ल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें ब्राह्मणों की उत्पत्ति और उनके इतिहास को जिस प्रकार संकलित किया गया है, वह नई पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म, जाति और देश के प्रति प्रेम रखना चाहिए, और साहित्य समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के भौतिकवादी युग में लोग अपनी परंपराओं और पूर्वजों को भूलते जा रहे हैं। नई पीढ़ी अपने गोत्र तक से अनभिज्ञ हो रही है, ऐसे समय में यह पुस्तक सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के प्रति जागरूकता लाने का कार्य करेगी। पुस्तक में ऋषि परंपरा से लेकर ब्राह्मणों के विस्तार तक का विस्तृत वर्णन किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने एक हजार प्रतियों के वितरण का भी आदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ब्राह्मण महासभा के महामंत्री ने भी लेखक की कृति की सराहना करते हुए इसके व्यापक प्रसार पर जोर दिया।कार्यक्रम का संचालन आदर्श शिक्षक सर्वेष्ट मिश्र ने किया।
अंत में साहित्यकार कमलेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदीप चंद्र पाण्डेय, पुनीत ओझा, विनोद उपाध्याय, अवधेश तिवारी, करूणेश पांडेय (रिंकू) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
