बस्ती। समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक एवं पूर्व सांसद वृजभूषण तिवारी की 14वीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा नेता वृजेश मिश्र के संयोजन में बनकटा स्थित वृद्धा आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां वृद्धजनों के बीच खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों का वितरण कर दिवंगत नेता को नमन किया गया।
वृजभूषण तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए वृजेश मिश्र ने कहा कि वे समाजवाद की “चलती-फिरती पाठशाला” थे। छात्र जीवन से ही समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले तिवारी जी विद्वान होने के साथ अत्यंत सरल और सहज स्वभाव के थे। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे महान व्यक्तित्व का मार्गदर्शन प्राप्त होना सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के प्रिय शिष्य रहे वृजभूषण तिवारी सादगी की मिसाल थे। सांसद रहने के बावजूद वे अक्सर पैदल या रिक्शे से यात्रा करते थे। उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वृजेश मिश्र ने युवाओं से आह्वान किया कि वे तिवारी जी के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उसे निभाएं। उन्होंने कहा कि तिवारी जी युवाओं में समाजवाद का भविष्य देखते थे।
इस अवसर पर अनिल कुमार चौधरी, रामदीन यादव, सत्यम, अंबिका मिश्रा, संजय उपाध्याय, ओंकार मिश्रा, सुंदरम, रामवृक्ष गुप्ता, शिवकुमार, आनंद प्रकाश सहित कई लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
