बस्ती। कप्तानगंज मण्डल के महाराजगंज कस्बे में रविवार को नारी आक्रोश मार्च का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने हक, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का सशक्त परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा रहे, जबकि आयोजन का नेतृत्व साबित तिवारी द्वारा किया गया। उनके कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्रा, शिवानी सिंह, मीना पाण्डेय तथा अनिता अग्रहरी सहित कई प्रमुख महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने एकजुट होकर समाज में अपनी भूमिका को मजबूत करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।
नारी आक्रोश मार्च महाराजगंज कस्बे से प्रारम्भ होकर हनुमान मंदिर तक निकाला गया। पूरे मार्ग में महिलाओं ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी एवं अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महिलाओं का कहना था कि विपक्षी दलों ने सदैव नारी शक्ति की उपेक्षा की है और उनके अधिकारों को नजरअंदाज किया है, जिसके विरोध में अब महिलाएं खुलकर सामने आ रही हैं।
मुख्य अतिथि अमृत कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में 33% आरक्षण का प्रावधान एक ऐतिहासिक कदम है। इसके तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित होंगी। वर्तमान में लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व मात्र 13.6% है, जिसे यह कानून बढ़ाकर 33% तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर, उन्हें और अधिक सशक्त बनाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित महिला नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की महिला जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।
इस अवसर पर जगदीश अग्रहरी, ब्राह्मदेव यादव देवा, गौरव मणि त्रिपाठी, अखिलेश शुक्ल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। यह नारी आक्रोश मार्च क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने नारी शक्ति की बढ़ती ताकत का स्पष्ट संदेश दिया।
