के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने परीक्षा के दूसरे दिन विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तथा नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, खलीलाबाद सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, व्यवस्थापन एवं परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता हर हाल में बनाए रखी जाए। अभ्यर्थियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सघन निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम तथा डायल-112 को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
