रुद्रप्रयाग। कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम ने जेबकतरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से तीन पर्स बरामद हुए, जिनमें अलग-अलग व्यक्तियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और कुल ₹6,020 नकद मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मंदिर परिसर और दर्शन लाइन की भीड़ का फायदा उठाते हुए ब्लेड से यात्रियों के पर्स काटकर चोरी की थी। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त ब्लेड का टुकड़ा भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शनि शर्मा पुत्र बिरमपाल, निवासी गाजीवाली, श्यामपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा संख्या 12/2026, धारा 112 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में आरक्षी संदीप सिंह, आरक्षी सूरज बेंजवाल और आरक्षी नरेंद्र शुक्ला शामिल रहे।गौरतलब है कि इससे पहले भी रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ में जेबकतरी करने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
